गाँव और शहर की शिक्षा के स्तर में बहुत बड़ा अंतर है। अच्छी पढ़ाई के लिए परिवारों को गाँव छोड़ना पड़ता है। हम इस अंतर को ख़त्म करना चाहते हैं।
पहाड़ के सरकारी स्कूलों की हालत किसी से छिपी नहीं है। कई स्कूलों में हर विषय के शिक्षक नहीं हैं और एक ही शिक्षक कई कक्षाओं को पढ़ाता है। भवन तो बन गए, लेकिन उनमें प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कंप्यूटर जैसी बुनियादी सुविधाएँ नहीं हैं। शिक्षक दूर से आते-जाते हैं और छोटे बच्चे कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुँचते हैं।
अब तक की सरकारों ने शिक्षा के असली महत्व को नहीं समझा। ज़ोर नई इमारतें खड़ी करने और योजनाओं की घोषणा पर रहा, पढ़ाई की गुणवत्ता पर नहीं। नतीजा यह है कि जो परिवार ज़रा भी सक्षम है, वह बच्चों की पढ़ाई के लिए गाँव छोड़ देता है।
स्कूल केवल एक भवन या मध्याह्न भोजन की जगह नहीं है। स्कूल वह जगह है जहाँ बच्चे का भविष्य तराशा जाता है। वहाँ बच्चे को अच्छी शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, अच्छा स्वास्थ्य और जीवन के लिए ज़रूरी हुनर भी मिलना चाहिए। हिमालय क्रांति पार्टी इसी सोच के साथ शिक्षा व्यवस्था को नए सिरे से खड़ा करना चाहती है।
हम क्या करेंगे:
अधूरी सुविधाओं वाले कई स्कूलों की बजाय हम हर क्षेत्र में ऐसे संपूर्ण विद्यालय बनाएँगे, जहाँ पढ़ाई की हर व्यवस्था एक ही परिसर में मिले। संसाधन बिखरेंगे नहीं, एक जगह लगेंगे, तो गुणवत्ता अपने आप बढ़ेगी।
1. हर विषय का शिक्षक हर कक्षा और हर विषय के लिए अलग, प्रशिक्षित शिक्षक होंगे। विज्ञान, गणित और अंग्रेज़ी जैसे विषयों के शिक्षकों की कमी सबसे पहले दूर की जाएगी। कोई भी पद लंबे समय तक ख़ाली नहीं रहेगा।
2. शिक्षकों के रहने की बेहतर व्यवस्था शिक्षक तभी टिकेगा, जब उसे रहने की अच्छी सुविधा मिलेगी। हर संपूर्ण विद्यालय के पास शिक्षकों के लिए आवास बनेंगे। इससे शिक्षक रोज़ लंबी यात्रा से बचेंगे, समय पर स्कूल पहुँचेंगे और बच्चों को पूरा समय दे सकेंगे।
3. बच्चों के आने-जाने की सुविधा कोई भी बच्चा दूरी के कारण पढ़ाई न छोड़े। गाँवों से स्कूल तक सुरक्षित स्कूल वाहन चलेंगे। बहुत दूर के गाँवों के बच्चों के लिए सुरक्षित छात्रावास होंगे, जिनमें बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रहेगा।
4. पूरी सुविधाएँ, एक परिसर में हर संपूर्ण विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, स्मार्ट कक्षाएँ, इंटरनेट, खेल का मैदान, स्वच्छ शौचालय और पीने का पानी होगा।
5. पढ़ाई के साथ मज़बूत व्यक्तित्व बच्चों को केवल किताबें नहीं, जीवन के लिए तैयार किया जाएगा। खेल, योग, कला और संगीत नियमित पढ़ाई का हिस्सा होंगे। गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी जैसी स्थानीय भाषाओं और संस्कृति से बच्चों का जुड़ाव बना रहेगा। बड़ी कक्षाओं में करियर मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण मिलेगा।
6. पौष्टिक भोजन जारी, लेकिन केंद्र में पढ़ाई मध्याह्न भोजन बच्चों के स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है और यह बेहतर रूप में जारी रहेगा। लेकिन इसकी व्यवस्था के लिए अलग कर्मचारी होंगे, ताकि शिक्षक का समय केवल पढ़ाने में लगे।
7. गुणवत्ता पर जवाबदेही हर स्कूल में अभिभावकों की सक्रिय समिति होगी। शिक्षकों को नियमित प्रशिक्षण मिलेगा। स्कूलों का आकलन इमारत से नहीं, बच्चों के सीखने के स्तर से होगा।
अच्छी शिक्षा अच्छे शिक्षक से शुरू होती है। हम शिक्षकों को ग़ैर-शैक्षणिक कामों के बोझ से मुक्त करेंगे, दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा देने वालों को विशेष प्रोत्साहन देंगे और तबादलों की नीति को पारदर्शी बनाएँगे।
क्या गाँव के छोटे स्कूल बंद हो जाएँगे? छोटे बच्चों की शुरुआती पढ़ाई के लिए गाँव के पास स्कूल बने रहेंगे। बड़ी कक्षाओं के लिए संपूर्ण विद्यालय होंगे, जहाँ आने-जाने के लिए वाहन या छात्रावास की सुविधा मिलेगी। किसी भी क्षेत्र में बदलाव अभिभावकों और ग्रामवासियों की राय लेकर ही होगा।
दूर के गाँव के बच्चे रोज़ कैसे पहुँचेंगे? हर संपूर्ण विद्यालय के साथ स्कूल वाहन की व्यवस्था होगी। जहाँ रोज़ आना संभव नहीं, वहाँ बच्चों के लिए सुरक्षित छात्रावास होंगे।
इसका ख़र्च कहाँ से आएगा? कम उपयोग वाली नई इमारतों पर ख़र्च रोककर वही पैसा शिक्षकों, सुविधाओं और परिवहन पर लगाया जाएगा।
हमारे बच्चे पहाड़ का भविष्य हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा देना किसी पर उपकार नहीं, उनका अधिकार है। आइए, मिलकर ऐसी शिक्षा व्यवस्था बनाएँ जहाँ गाँव का हर बच्चा अपने सपने पूरे कर सके।
©2026 Himalaya Kranti Party. All rights reserved. Design & Developed by VW Themes